सेवा संकल्प अभियान के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में लगी प्रदर्शनी

Share

जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का प्रयास

जौनपुर। सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की ओर से कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का शुभारंभ राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश श्री गिरीश चन्द्र यादव, विधान परिषद सदस्य श्री बृजेश सिंह ‘प्रिंशू’, जिलाधिकारी श्री सैमुअल पाल एन. एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री ध्रुव खाड़िया ने संयुक्त रूप से किया।

प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्षों से संबंधित सामग्री प्रदर्शित की गई। सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।

राज्यमंत्री श्री गिरीश चन्द्र यादव ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए प्रदर्शित सामग्री के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यक्रमों एवं जनपद में हुए विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है।

विधान परिषद सदस्य श्री बृजेश सिंह ‘प्रिंशू’ ने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकासपरक कार्यक्रमों की जानकारी एक ही स्थान पर मिलती है।

जिलाधिकारी श्री सैमुअल पाल एन. ने कहा कि प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन को प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्षों की यात्रा तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी उपलब्ध कराना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रदर्शनी देखने आने वाले लोगों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

प्रदर्शनी के दूसरे दिन जनक कुमारी इंटर कॉलेज के अध्यापक विपनेश श्रीवास्तव एवं विद्यालय के विद्यार्थियों तथा मुक्तेश्वर प्रसाद गर्ल्स इंटर कॉलेज की अध्यापिका एवं विद्यार्थियों सहित अन्य लोगों ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) अजय अंबष्ठ, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारी, कर्मचारी एवं आमजन मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *