सर्पदंश से बचाव के लिए जागरूकता जरूरी, झाड़-फूंक से बचें : मुख्य चिकित्सा अधिकारी

Share

जौनपुर। राष्ट्रीय सर्पदंश कार्यक्रम के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय सर्पदंश जागरूकता दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी की अध्यक्षता में सभागार कक्ष में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के समस्त सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने सर्पों की विभिन्न प्रजातियों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि भारत में पाए जाने वाले अधिकांश सांप विषहीन होते हैं। उन्होंने कहा कि सर्पदंश की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचना चाहिए, जहां चिकित्सकीय उपचार एवं एंटी-स्नेक वेनम उपलब्ध हो।

उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सर्पदंश के बाद कई लोग झाड़-फूंक के चक्कर में पड़ जाते हैं, जिससे उपचार में देरी होने के कारण जान का खतरा बढ़ जाता है। किसानों एवं ग्रामीण समुदायों में जागरूकता बढ़ाकर सर्पदंश से होने वाली मौतों को कम किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप के काटने की स्थिति में बिना समय गंवाए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाएं और आवश्यक उपचार प्राप्त करें।

जिला महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ. जिआउल हक ने सर्पदंश के दौरान क्या करें और क्या न करें के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सांप के काटने पर घाव को साबुन एवं साफ पानी से धोएं। प्रभावित अंग से अंगूठी, घड़ी, आभूषण, जूते तथा तंग कपड़े हटा दें। पीड़ित को शांत रखें और उसे जल्द से जल्द चिकित्सालय पहुंचाएं। आवश्यकता पड़ने पर 108/102 एंबुलेंस सेवा से संपर्क करें। रात में बाहर निकलते समय टॉर्च का प्रयोग करें तथा खेतों में जाते समय सावधानी बरतें।

उन्होंने लोगों को आगाह किया कि सर्पदंश के बाद झाड़-फूंक, सपेरे या तांत्रिक के चक्कर में न पड़ें। सांप के जहर को मुंह से चूसकर निकालने का प्रयास न करें और घाव के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ न करें। सांप को पकड़ने या मारने की कोशिश भी नहीं करनी चाहिए। सर्पदंश के लक्षणों का इंतजार किए बिना पीड़ित को तत्काल चिकित्सालय ले जाना चाहिए तथा उसे अनावश्यक शारीरिक गतिविधि से बचाना चाहिए।

कार्यक्रम में डॉ. नरेंद्र सिंह, डॉ. प्रभात कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी जौनपुर, डॉ. आलोक कुमार सिंह, डॉ. अरुण यादव, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी जौनपुर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *