उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश

Share

जौनपुर। जिलाधिकारी श्री सैमुअल पाल एन. के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी श्री ध्रुव खाड़िया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के उद्यमियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और औद्योगिक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना एवं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों को पात्र युवा लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बैंक स्तर पर लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को योजनाओं का लाभ मिल सके।

निवेश मित्र पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों एवं लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी मामलों का निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में गोयंका होंडा, सिपाह के आसपास अनावश्यक रूप से कूड़ा-कचरा डंप किए जाने की समस्या भी उठी। इस पर अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद जौनपुर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अलावा प्लेज पार्क विकसित किए जाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।

औद्योगिक क्षेत्र सीडा में साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं त्रिलोचन महादेव औद्योगिक क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करते हुए उद्यमियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में उपायुक्त उद्योग आशुतोष सहाय पाठक, उद्यमी मित्र भानु प्रकाश दूबे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि एवं औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Available next action:

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *