मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया की अध्यक्षता में श्रम बंधु की बैठक आयोजित
जौनपुर। मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया की अध्यक्षता में श्रम बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रम विभाग द्वारा संचालित नवीन पोर्टल ‘डिजिटल लेबर चौक’ मोबाइल एप का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि डिजिटल लेबर चौक एप का उद्देश्य भारत के अनौपचारिक निर्माण श्रम बाजार को आधुनिक एवं व्यवस्थित स्वरूप प्रदान करना है। परंपरागत रूप से लेबर चौक, मजदूर मंडी और मजदूर नाका आदि स्थानों पर दिहाड़ी निर्माण श्रमिकों के लिए अनौपचारिक भर्ती स्थल के रूप में कार्य करते हैं। ऐसे श्रमिक इस मोबाइल एप पर निःशुल्क पंजीकरण कर सकते हैं।
एप के माध्यम से श्रमिकों और नियोक्ताओं को सीधे जोड़ने के लिए एक पारदर्शी एवं सुलभ मंच उपलब्ध कराया गया है। पंजीकृत श्रमिकों की जानकारी आवश्यकता के अनुसार नियोक्ताओं तक पहुंच सकेगी, जिससे नियोक्ता अपनी जरूरत के अनुरूप श्रमिकों का चयन कर सकेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल माध्यम से श्रमिकों के चयन और रोजगार की प्रक्रिया में पारदर्शिता के साथ-साथ समय की भी बचत होगी। नियोक्ता पोर्टल पर जाकर अपनी आवश्यकता के अनुसार उपलब्ध श्रमिकों का चयन कर उनसे संबंधित कार्य करा सकते हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक श्रमिकों और नियोक्ताओं तक डिजिटल लेबर चौक मोबाइल एप की जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि इसका व्यापक स्तर पर लाभ लिया जा सके।












Leave a Reply