नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव : कुलपति

Share

नशामुक्त युवा–विकसित भारत के संकल्प के साथ मनाया गया एनएसएस स्थापना दिवस

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) स्थापना दिवस के अवसर पर कंज्यूमर वॉयस, नई दिल्ली एवं कंज्यूमर गिल्ड, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में “नशामुक्त युवा–विकसित भारत” अभियान के अंतर्गत युवाओं में शराब के दुष्प्रभावों की रोकथाम, जागरूकता एवं संरक्षण विषयक युवा संवेदनी कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आर. के. सिंह ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से युवाओं को बचाने के लिए परिवार, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और युवाओं को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार कर सकते हैं।

मुख्य वक्ता अभिषेक श्रीवास्तव, कंज्यूमर गिल्ड, लखनऊ ने कहा कि जागरूक युवा किसी वस्तु अथवा आदत को अपनाने से पहले उसके प्रभाव और परिणाम को समझता है। आवश्यकता इस बात की है कि युवाओं से केवल “नशा मत करो” न कहा जाए, बल्कि उन्हें नशे से दूर रहकर जीवन में बेहतर विकल्पों—खेल, योग, अध्ययन, नवाचार, सामाजिक सेवा और रचनात्मक गतिविधियों—की ओर प्रेरित किया जाए।

सुश्री नीलजना बोस ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से युवाओं पर पड़ने वाले सामाजिक एवं साथियों के दबाव पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कई बार दोस्तों का दबाव, सामाजिक वातावरण अथवा शराब को आधुनिक जीवनशैली का हिस्सा मानने की सोच युवाओं को प्रभावित करती है। इस सोच पर गंभीरता से विचार करने और युवाओं को सही दिशा देने की आवश्यकता है।

डीएसडब्ल्यू प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि आज का युवा पढ़ाई, करियर, प्रतिस्पर्धा, सामाजिक अपेक्षाओं और साथियों के प्रभाव सहित अनेक प्रकार के दबावों से गुजर रहा है। ऐसे समय में युवाओं को केवल उपदेश देने के बजाय सही जानकारी, मार्गदर्शन और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण विषय पर युवाओं के बीच संवाद की पहल के लिए कंज्यूमर वॉयस, नई दिल्ली एवं कंज्यूमर गिल्ड, लखनऊ का आभार व्यक्त किया।

एनएसएस स्थापना दिवस के अवसर पर “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत” थीम पर स्वयंसेवकों निशांत एवं अंजली की टीम ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। वहीं रिया गुप्ता, आस्था सोनी, अंतिम विश्वकर्मा, अंजली चौहान एवं संध्या बिंद ने नशामुक्ति पर आधारित गीत प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम समन्वयक डॉ. शशिकांत यादव ने अतिथियों का स्वागत एवं परिचय कराया। कार्यक्रम का संचालन अभिनव कीर्ति पांडेय एवं श्री ओम प्रकाश मिश्र ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन सुमित सिंह ने दिया।

इस अवसर पर डॉ. श्याम कन्हैया, डॉ. अनुराग मिश्र, डॉ. श्वेता पांडेय, डॉ. राधिका उर्मिलिया, डॉ. विवेक, डॉ. रिचा सिंह, अर्पिता यादव, शिवांगी कौशल, आर्ची वर्मा, बृजेश सहित बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *