जौनपुर। जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. ने विकास खंड सिरकोनी क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विकास खंड सिरकोनी में निर्मित पुस्तकालय का जायजा लिया। उन्होंने वहां मौजूद बच्चों से संवाद कर उपलब्ध पुस्तकों की जानकारी ली और उन्हें नियमित रूप से पुस्तकालय का उपयोग कर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने बच्चों से पुस्तकें पढ़वाकर उनके अध्ययन के प्रति रुचि को भी जाना।
इसके बाद ग्राम पंचायत नाथूपुर में निर्माणाधीन वर्मी कंपोस्ट इकाई का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि तैयार वर्मी कंपोस्ट की ब्रांडिंग ग्राम पंचायत के नाम से की गई है। इस पर जिलाधिकारी ने प्रसन्नता व्यक्त की और जैविक अपशिष्ट के बेहतर उपयोग की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत में निर्मित प्लास्टिक प्रबंधन केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्लास्टिक अपशिष्ट के उचित संग्रहण एवं निस्तारण की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अमृत सरोवर का निरीक्षण कर आसपास कराए गए विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की सराहना की। उन्होंने परिसर की स्वच्छता एवं सुंदरता को लगातार बनाए रखने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत में नवनिर्मित आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने ग्राम पंचायत में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों के लिए ग्राम प्रधान के प्रयासों की सराहना की।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया। कार्यों में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्धारित मानकों और समय-सीमा के अनुरूप कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन बारात घर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि गुणवत्तापूर्ण कार्य को प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को योजना का लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पौधरोपण भी किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनी रहे।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, जिला पंचायत राज अधिकारी नवीन सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।












Leave a Reply