सेवा संकल्प अभियान के तहत 2217 आंगनबाड़ी केंद्रों पर हेल्दी बेबी प्रतियोगिता, 27,110 बच्चों ने लिया हिस्सा

Share

जौनपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद में बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 25 सितंबर को जनपद के 2,217 आंगनबाड़ी केंद्रों पर हेल्दी बेबी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 27,110 बच्चों ने प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता में प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कुल 6,651 बच्चों को पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार के रूप में बच्चों को लंच बॉक्स, बैग, वाटर बॉटल, पेंसिल, किताब सहित अन्य सामग्री वितरित की गई। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त बच्चों के प्रमाण पत्र पोर्टल से जनरेट होने के बाद वितरित किए जाएंगे।

अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता के प्रति अभिभावकों को जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं सुपोषित बच्चों को प्रोत्साहित करना रहा। प्रतियोगिता के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों का चयन स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण एवं शारीरिक विकास से संबंधित विभिन्न मानकों के आधार पर किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विजेता बच्चों को पुरस्कृत करने के साथ उनकी माताओं को भी सम्मानित किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने माताओं को बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए आवश्यक जानकारी दी। उन्हें बच्चों के दैनिक आहार में संतुलित एवं पौष्टिक भोजन तथा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।

माताओं को बच्चों की व्यक्तिगत स्वच्छता, हाथ धोने की आदत, स्वच्छ पेयजल, साफ कपड़ों, स्वच्छ भोजन और आसपास के वातावरण की साफ-सफाई के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। इसके साथ ही बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर टीकाकरण कराने पर जोर दिया गया।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अभिभावकों को बच्चों के वजन एवं लंबाई की नियमित निगरानी कराने तथा वृद्धि एवं विकास में किसी प्रकार की कमी या असामान्यता दिखाई देने पर समय से स्वास्थ्य सेवाओं से संपर्क करने के लिए जागरूक किया। बच्चों के समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए नियमित देखभाल और उचित पोषण को आवश्यक बताया गया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित माताओं एवं अभिभावकों से अपील की गई कि वे बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं नियमित स्वास्थ्य जांच को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाएं और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *