जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह की उपस्थिति में बुधवार देर शाम प्रेक्षागृह में आगामी दुर्गा पूजा पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में दुर्गा पूजा आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। पूजा समितियों के पदाधिकारियों ने जनसुविधा और आयोजन को बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विसर्जन स्थलों पर विद्युत तारों सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त कराया जाए। साथ ही सभी संबंधित मार्गों को आवागमन योग्य रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। अधिशासी अधिकारियों को प्रमुख पूजा स्थलों एवं आवश्यक स्थानों पर मोबाइल टॉयलेट, पेयजल और वाटर टैंक की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान कोई नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी। सभी आयोजकों एवं अधिकारियों को पूर्व से चली आ रही व्यवस्थाओं और निर्धारित नियमों के अनुरूप ही आयोजन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने अधीक्षण अभियंता विद्युत एवं लोक निर्माण विभाग को पूजा समितियों के पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर सड़क एवं विद्युत से संबंधित कमियों को समय रहते दूर कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी पूजा पंडालों में फायर सेफ्टी एवं विद्युत सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराने पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि पर्व के दौरान आम जनमानस की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करें। उन्होंने आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा आयोजन के दौरान किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता, अग्निशमन, विसर्जन स्थल तथा अन्य जनसुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई।
गांधी जयंती समारोह की तैयारियों की भी हुई समीक्षा
इसी क्रम में 02 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती समारोह के आयोजन की तैयारियों को लेकर भी बैठक हुई। इसमें जयंती समारोह के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दायित्व सौंपे गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके अलावा महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण, रामधुन एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूर्ण कराते हुए कार्यक्रमों को गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अश्वस्थ सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।












Leave a Reply