जौनपुर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार गांधी जयंती के अवसर पर पोक्सो एक्ट-2012, महिला एवं बाल अधिकारों तथा कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को जनपद के विभिन्न विद्यालयों में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किए गए।
राजा श्री कृष्णदत्त इंटर कॉलेज में आयोजित शिविर को अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश षष्ठम सुरेंद्र प्रताप यादव ने संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को पोक्सो एक्ट के प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के विरुद्ध लैंगिक अपराधों के लिए कठोर कानूनी प्रावधान हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक घटना होने पर तत्काल अपने माता-पिता अथवा परिवार के सदस्यों को जानकारी देने की अपील की। उन्होंने सही मामलों में तत्काल प्राथमिकी दर्ज कराने तथा गलत और दुर्भावनापूर्ण मामलों में किसी को फंसाने से बचने की बात भी कही।
चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल अनिल कुमार सिंह ने बच्चों को गुड टच-बैड टच, हेल्पलाइन नंबर 1098, 15100 और 112 की जानकारी दी। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध निशुल्क कानूनी सहायता और पैरवी के बारे में बताया। साथ ही सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, साइबर अपराध से बचाव तथा अपरिचित लोगों से सावधान रहने के लिए विद्यार्थियों को जागरूक किया।
वहीं, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में सरयू देवी इंटर कॉलेज, रज्जूपुर में भी विधिक साक्षरता जागरूकता शिविर आयोजित हुआ। कार्यक्रम जिला जज/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुशील कुमार शशि के निर्देशन एवं सिविल जज सीडि./सचिव सुशील कुमार सिंह की देखरेख में हुआ। सचिव ने लैंगिक उत्पीड़न से संबंधित कानूनी प्रावधानों, अनुशासन और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक कानूनी सहायता पहुंचाना है।
डिफेंस काउंसिल डॉ. दिलीप कुमार ने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं हार्मोनल बदलावों तथा उनसे उत्पन्न तनाव के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को अपराधी प्रवृत्ति के लोगों से दूर रहने और किसी भी परेशानी की जानकारी तत्काल परिवार को देने की सलाह दी। पारिवारिक न्यायालय के काउंसलर देवेंद्र कुमार यादव ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के फ्रंट ऑफिस, मध्यस्थता केंद्र, लीगल वालंटियर्स और पैनल अधिवक्ताओं के माध्यम से लोगों को सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
कार्यक्रम में श्रम प्रवर्तन अधिकारी रामकृष्ण मिश्रा ने श्रमिक कानून, तहसीलदार मछलीशहर सुरेंद्र कुमार वर्मा ने राजस्व मामलों तथा सह परिवीक्षा अधिकारी मुरलीधर गिरी ने प्रोबेशन कार्यालय से मिलने वाली सुविधाओं एवं किशोरों से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी दी। इसके अलावा भूपेंद्र यादव, महाजन अली, शालिनी प्रजापति और थाना पवारा अध्यक्ष नावेद आलम ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में सरस्वती वंदना सिद्धि चौरसिया एवं टीम ने तथा स्वागत गीत इशिता और श्रेया तिवारी ने प्रस्तुत किया। अंत में खुशबू ने आत्मरक्षा कला का प्रदर्शन कर विद्यार्थियों को जागरूक किया।
इस अवसर पर पारिवारिक न्यायालय के काउंसलर देवेंद्र कुमार यादव, तहसीलदार सुरेंद्र कुमार वर्मा, सह परिवीक्षा अधिकारी मुरलीधर गिरी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी रामकृष्ण मिश्रा, थाना पवारा अध्यक्ष नावेद आलम, सहायता केंद्र से महाजन अली, पैनल लॉयर भूपेंद्र यादव, प्रबंधक जियालाल पटेल, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।












Leave a Reply