सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं फरियादें, 89 प्रार्थना पत्र प्राप्त, 8 का मौके पर निस्तारण

Share

जौनपुर। जिलाधिकारी श्री सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 89 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 8 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

ग्राम कुछमुछ निवासी शशिकान्त ने भीटा की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की। जिलाधिकारी ने संबंधित कानूनगो को मौके पर जाकर जांच करने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं ग्राम हरबसपुर निवासी राजकुमार यादव ने चकमार्ग पर मिट्टी का कार्य कराए जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया, जिस पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

ग्राम नासही, जफराबाद निवासी दयाशंकर ने अपनी भूमिधरी आराजी को जोतने-बोने में विपक्षीगण द्वारा अवरोध उत्पन्न किए जाने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने संबंधित कानूनगो को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जमीन पकड़ी निवासी रामकेश यादव ने खतौनी में नाम गलत दर्ज होने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए नाम में आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए। कार्रवाई के बाद संशोधित खतौनी जिलाधिकारी ने स्वयं लाभार्थी को उपलब्ध कराई।

इसी प्रकार सैदपुर गडऊर निवासी सुरेंद्र ने शिकायत की कि विपक्षीगण उन्हें नया मकान बनाने नहीं दे रहे हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित कानूनगो को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार निस्तारण के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर जाकर जांच करने तथा शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री कुंवर अनुपम सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम, उपजिलाधिकारी सदर योगिता सिंह सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *