छात्रावासों में चला स्वच्छता अभियान, विद्यार्थियों ने लिया परिसर को हरा-भरा बनाने का संकल्प
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर में ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के अंतर्गत रविवार को ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके तहत विश्वविद्यालय के विभिन्न छात्रावास परिसरों में स्वच्छता, वृक्षारोपण एवं नशामुक्ति अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छ एवं हरित परिसर बनाने तथा नशे से दूर रहने का संकल्प लिया।
अभियान के दौरान विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न स्थानों पर फलदार एवं उपयोगी पौधों का रोपण किया गया। विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व, पर्यावरण संरक्षण तथा पौधों के नियमित रखरखाव के प्रति जागरूक किया गया।
सेवा संकल्प अभियान के संयोजक एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों के प्रति जिम्मेदारी और सामाजिक सेवा की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी और विश्वविद्यालय परिवार की सामूहिक जिम्मेदारी है।
श्रीनिवास रामानुजन छात्रावास में आयोजित स्वच्छता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. रजनीश भास्कर ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने स्वच्छ एवं हरित परिसर के निर्माण में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया।
इसी क्रम में चरक छात्रावास के विद्यार्थियों ने छात्रावास के बाहर वृक्षारोपण किया। चीफ वार्डन प्रो. अविनाश डी. पाथर्डीकर ने विद्यार्थियों को पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन के महत्व से अवगत कराया। महिला छात्रावास में भी छात्राओं को स्वच्छता एवं वृक्षारोपण के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक है।
वहीं विश्वकर्मा छात्रावास में नशामुक्ति संकल्प एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने का संकल्प लिया और पोस्टरों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए इससे दूर रहने की अपील की। मुख्य कुलानुशासक प्रो. अजय प्रताप सिंह ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है, इसलिए सभी को नशे से दूर रहना चाहिए।
कार्यक्रम में वार्डन डॉ. सुशील कुमार, डॉ. विशाल यादव, डॉ. नितेश जायसवाल, डॉ. सुनील यादव, डॉ. अनु त्यागी, डॉ. कृष्णा सिंह, डॉ. निमिषा यादव एवं डॉ. जया शुक्ला सहित छात्रावासों के विद्यार्थी एवं छात्राएं उपस्थित रहे।












Leave a Reply