जनगणना-2027: जौनपुर में फील्ड ट्रेनर्स के प्रथम एवं द्वितीय बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

Share

जौनपुर, 05 अक्टूबर। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के सुचारू संचालन के लिए जनपद जौनपुर में फील्ड ट्रेनर्स के प्रथम एवं द्वितीय बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार को प्रसाद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, जौनपुर में शुरू हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम 05 से 10 अक्टूबर 2026 तक प्रातः 9 बजे से सायं 6 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. ने की।

प्रशिक्षण के दौरान जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में होने वाली जनसंख्या गणना से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी जा रही है। फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना की प्रक्रिया, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की भूमिका, निर्धारित प्रपत्रों में सूचनाओं के संकलन, परिवार एवं आवास संबंधी विवरणों के सत्यापन तथा कार्य के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में प्रशिक्षित किया जा रहा है।

प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि जनगणना देश के सामाजिक, आर्थिक एवं विकासात्मक नियोजन का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाती है। ऐसे में जनगणना कार्य में शुद्धता, पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है।

40 प्रश्नों और मोबाइल ऐप के संचालन पर विशेष जोर

प्रशिक्षण के दौरान जनसंख्या गणना में पूछे जाने वाले सभी 40 प्रश्नों की बारीकियों, उनके उद्देश्य, प्रश्न पूछने के सही तरीके तथा उत्तरों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दर्ज करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रतिभागियों को उदाहरणों के माध्यम से विभिन्न परिस्थितियों को समझाने के साथ ही मोबाइल ऐप के संचालन का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया जा रहा है।

प्रशिक्षण में प्रत्येक प्रश्न का उद्देश्य, उसे पूछने की सही प्रक्रिया और प्राप्त जानकारी के सही अभिलेखन के बारे में विस्तार से बताया जा रहा है। साथ ही, उत्तर समझने अथवा दर्ज करने में किसी प्रकार की शंका या भ्रम की स्थिति उत्पन्न होने पर निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य करने की जानकारी दी जा रही है। प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान करते हुए संभावित फील्ड परिस्थितियों पर भी चर्चा की जा रही है।

तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानन्द झा के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। जनपद के मास्टर ट्रेनर्स अजय कुमार मौर्या, उमेश मिश्रा, कमलेश कुमार यादव एवं आशुतोष शर्मा द्वारा फील्ड ट्रेनर्स को जनसंख्या गणना से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी जा रही है।

मास्टर ट्रेनर्स ने बताया कि जनगणना का कार्य सटीक जानकारी के संकलन और निर्धारित प्रक्रिया के पालन पर आधारित है। इसलिए फील्ड ट्रेनर्स के लिए प्रश्नों की स्पष्ट समझ, सही अभिलेखन तथा तकनीकी उपकरणों का उचित उपयोग सुनिश्चित करना अत्यंत महत्वपूर्ण है।

जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे फील्ड ट्रेनर्स को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही जानकारी को गंभीरता से समझें तथा आगे प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को भी इसे सरल और स्पष्ट तरीके से समझाएं। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या अथवा शंका उत्पन्न होने पर संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), उपजिलाधिकारी सदर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद जौनपुर, जनगणना से संबंधित अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स, फील्ड ट्रेनर्स एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *