जौनपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को जनपद में ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का भव्य आयोजन किया गया। यात्रा के माध्यम से सेवा, सुशासन, विकास एवं राष्ट्रनिर्माण के साथ ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत अम्बेडकर तिराहे से भव्य ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के साथ हुई। यात्रा में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, छात्र-छात्राओं एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए हाइडिल तिराहे पहुंची, जहां मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चन्द्र यादव, राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, बदलापुर विधायक रमेश चन्द्र मिश्रा, शाहगंज विधायक रमेश सिंह, नगर पालिका परिषद जौनपुर की अध्यक्ष मनोरमा मौर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, डा. अजय सिंह, पूर्व विधायक सुरेन्द्र प्रताप सिंह, सुषमा पटेल, पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपा शंकर सिंह तथा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी शंकर गिरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
इसके बाद माननीय प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने देखा और उनके उद्बोधन को सुना। इस अवसर पर ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प के साथ सामूहिक रूप से वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान का गायन किया गया।
हाइडिल तिराहे पर जनप्रतिनिधियों द्वारा ‘सेवा ज्योति कलश’ की स्थापना की गई। यात्रा अम्बेडकर चौराहा, कलेक्ट्रेट तिराहा, लाइन बाजार तिराहा एवं खरका कॉलोनी सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः हाइडिल तिराहे पहुंची और सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के माध्यम से सेवा, सुशासन, राष्ट्रनिर्माण और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए जनभागीदारी को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता रही।












Leave a Reply