बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर और विधिक अधिकारों के प्रति किया जागरूक

Share

जौनपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार 7 अक्टूबर 2026 को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, जौनपुर में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस, सर्वाइकल कैंसर से बचाव तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं पर केंद्रित इस कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जौनपुर के तत्वावधान में जनपद न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष सुशील कुमार शशि के निर्देशन तथा पूर्णकालिक सचिव सुशील कुमार सिंह की देखरेख में हुआ।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुशील कुमार सिंह, उप मुख्य प्रतिरक्षा सलाहकार डॉ. दिलीप कुमार सिंह, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. जायसवाल, काउंसलर डॉ. सीमा सिंह, प्रधानाचार्या डॉ. मंजूलता वर्मा, पैनल अधिवक्ता देवेंद्र कुमार यादव, शिक्षिका ज्योति सहित कॉलेज की शिक्षिकाएं, प्राधिकरण के कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

स्वास्थ्य और न्याय तक पहुंच हर व्यक्ति का अधिकार

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुशील कुमार सिंह ने स्वस्थ नारी शक्ति को विकसित भारत के निर्माण का आधार बताया। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी सुविधाओं और न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना आवश्यक है। इसके लिए जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर वैकल्पिक विवाद समाधान एवं विधिक सहायता की व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं।

उन्होंने छात्राओं से अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सहायता लेने की अपील की। साथ ही सोशल मीडिया, इंटरनेट, मोबाइल और टेलीविजन का सावधानीपूर्वक एवं रचनात्मक उपयोग करते हुए स्वास्थ्य सुरक्षा और जागरूकता संबंधी सही जानकारी प्राप्त करने पर जोर दिया।

सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता और टीकाकरण पर जोर

उप मुख्य प्रतिरक्षा सलाहकार डॉ. दिलीप कुमार सिंह ने अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस, महिला स्वास्थ्य और सर्वाइकल कैंसर के विषय में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य को भी आवश्यक बताया। उन्होंने राष्ट्रीय, राज्य और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए मध्यस्थता, पैरा लीगल वालंटियर, डिफेंस काउंसिल सिस्टम और फ्रंट ऑफिस के माध्यम से मिलने वाली सहायता के बारे में बताया।

उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. जायसवाल, डॉ. सीमा सिंह, पैनल अधिवक्ता देवेंद्र कुमार यादव और शिक्षिका ज्योति ने सर्वाइकल कैंसर के कारणों, बचाव, शुरुआती लक्षणों की पहचान और उपचार के बारे में जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि स्वास्थ्य अनमोल है और प्रत्येक व्यक्ति को उचित चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए। उन्होंने सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण, नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की आवश्यकता पर बल दिया।

वक्ताओं ने कहा कि बीमारी की समय रहते पहचान होने पर उपचार अधिक प्रभावी हो सकता है। उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी भ्रांतियों से बचने, रोगियों के प्रति भेदभाव न करने और जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। छात्राओं को महिला स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में विशेषज्ञ चिकित्सकों से सलाह लेने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन श्रीमती आदर्श वर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाचार्या डॉ. मंजू वर्मा ने प्रस्तुत किया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *