जौनपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज तिलकधारी पी.जी. कॉलेज, जौनपुर में ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), खेल एवं युवा कल्याण श्री गिरीश चंद्र यादव ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न विकास खंडों में भी ‘विकसित भारत-2047’ की थीम पर रंगोली कार्यक्रम आयोजित किए गए।
विकसित भारत का संदेश देती आकर्षक रंगोलियां
विकास खंड रामनगर में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि, महिला सशक्तीकरण और समृद्ध गांव जैसे विषयों को रंगों के माध्यम से आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया। इन रंगोलियों के जरिए वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।
इसी क्रम में विकास खंड मड़ियाहूं, बरसठी, रामपुर, खुटहन एवं मछलीशहर में भी रंगोली कार्यक्रम आयोजित किए गए। बाल विकास परियोजना खुटहन के अंतर्गत ब्लॉक परिसर में ‘विकसित भारत-2047’ की थीम पर रंगोली बनाई गई। वहीं, बाल विकास परियोजना मछलीशहर के अंतर्गत ब्लॉक परिसर में रंगोली कार्यक्रम आयोजित हुआ। विकास खंड रामपुर में भी आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से विकसित भारत की परिकल्पना को प्रदर्शित किया गया।
स्वस्थ बच्चे और सशक्त महिलाएं विकसित भारत की आधारशिला
कार्यक्रमों के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए बच्चों के स्वास्थ्य, महिलाओं के सशक्तीकरण और परिवारों में पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पर जोर दिया गया। कहा गया कि विकसित भारत का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए बच्चों का स्वस्थ होना, महिलाओं का सशक्त बनना और प्रत्येक परिवार का पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होना आवश्यक है। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों को शिक्षा, संस्कार और पोषण के प्रभावी केंद्र के रूप में विकसित करने पर बल दिया गया।
इस अवसर पर बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने, महिलाओं के सम्मान एवं सशक्तीकरण तथा कुपोषण उन्मूलन के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही उपस्थिति
तिलकधारी पी.जी. कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा मछलीशहर के जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, जिला मंत्री स्कन्द पटेल, निवर्तमान जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा श्रीमती रागिनी सिंह, मछलीशहर महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष श्रीमती अनुपमा राय, परियोजना निदेशक के.के. पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।












Leave a Reply