सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम आयोजित, रंगोलियों में दिखी विकसित भारत की झलक

Share

रंगोलियों के माध्यम से साकार हुई ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना, राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने की सराहना

सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण का संदेश लेकर आयोजित हुआ कार्यक्रम

जौनपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मंगलवार को तिलकधारी पीजी कॉलेज, जौनपुर में ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गिरीश चंद्र यादव ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उनका पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में डिजिटल इंडिया, वंदे भारत, अंतरिक्ष में भारत, स्वस्थ भारत सहित विभिन्न राष्ट्रीय एवं जनकल्याणकारी विषयों पर आधारित आकर्षक रंगोलियां बनाई गईं। राज्यमंत्री ने रंगोलियों का अवलोकन किया और प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि रंगोलियों के माध्यम से भारत की विविधता में एकता, राष्ट्रीय एकजुटता और विकसित भारत की परिकल्पना को सुंदर एवं प्रतीकात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। इनमें मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को दर्शाते हुए यह संदेश दिया गया है कि इन पहलों के माध्यम से समाज में खुशहाली और समृद्धि लाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। इस प्रकार के आयोजन राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सहभागिता और जनकल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने रंगोली निर्माण में योगदान देने वाले शिक्षकों, मार्गदर्शन करने वालों तथा कार्यक्रम को बेहतर बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

जनसेवा और राष्ट्र निर्माण से जुड़ा सेवा संकल्प अभियान

राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सामान्यतः जन्मदिवस को व्यक्तिगत उत्सव के रूप में मनाया जाता है, लेकिन प्रधानमंत्री ने इस अवसर को जनसेवा, सामाजिक कल्याण और राष्ट्रहित से जोड़कर सेवा का संदेश दिया है।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत रक्तदान, स्वच्छता अभियान तथा चिकित्सा संस्थानों एवं अस्पतालों में सेवा गतिविधियों सहित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक सहायता और जागरूकता पहुंचाना तथा सेवा को जनभागीदारी से जोड़कर राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम का संचालन नुपुर श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान भाजपा मछलीशहर के जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, जिला मंत्री स्कन्द पटेल, महिला मोर्चा की निवर्तमान जिलाध्यक्ष श्रीमती रागिनी सिंह, मछलीशहर महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष श्रीमती अनुपमा राय, परियोजना निदेशक के.के. पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

विकासखंडों में भी आयोजित हुईं रंगोली प्रतियोगिताएं

इसी क्रम में जनपद के विभिन्न विकासखंडों में भी रंगोली कार्यक्रम आयोजित किए गए। मड़ियाहूं, बरसठी, रामपुर, खुटहन, मछलीशहर और रामनगर सहित जनपद के विभिन्न विकासखंडों में ‘विकसित भारत-2047’ की थीम पर रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

प्रतियोगिताओं में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि, महिला सशक्तीकरण और समृद्ध गांव जैसे विषयों पर आकर्षक रंगोलियां बनाकर वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संदेश दिया गया। इन आयोजनों के माध्यम से विकास की अवधारणा को रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रदान करते हुए आमजन को राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने, महिलाओं के सम्मान एवं सशक्तीकरण तथा कुपोषण उन्मूलन के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य सामाजिक जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *