विश्व मलेरिया दिवस पर चला व्यापक जागरूकता अभियान, सीएमओ ने दिलाई उन्मूलन की शपथ

Share

जौनपुर। विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर शनिवार को जनपद में स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक मलेरिया जागरूकता अभियान चलाया गया। “मलेरिया को समाप्त करने का दृढ़ संकल्प: अब हम कर सकते हैं, अब हमें करना ही होगा” थीम के तहत मुख्य चिकित्सा अधिकारी सभागार में जागरूकता विचार गोष्ठी आयोजित की गई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रभात कुमार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में नोडल अधिकारी डॉ. बीसी पंत, जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मलेरिया के कारण, लक्षण, बचाव, जांच, उपचार और साफ-सफाई के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।

इस दौरान पोस्टर-पैम्फलेट वितरित किए गए, स्लोगन के माध्यम से जागरूकता फैलाई गई तथा मलेरिया उन्मूलन की शपथ दिलाई गई।इसके साथ ही जनपद के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, स्कूलों एवं नर्सिंग कॉलेजों में भी जागरूकता गोष्ठियां आयोजित की गईं। शहरी क्षेत्र के मातापुर वार्ड में एंटीलार्वल स्प्रे, सोर्स रिडक्शन, पोस्टर पेस्टिंग और जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को मच्छरों से बचाव के उपाय बताए गए। आशा कार्यकर्ताओं द्वारा गांव-गांव सर्वे और स्वास्थ्य शिक्षा अभियान भी संचालित किया गया।स्वास्थ्य विभाग के अनुसार वर्ष 2025 में जनपद में मलेरिया के 14 केस मिले थे, जबकि वर्ष 2026 में अब तक 5 मामले सामने आए हैं। विभाग ने बताया कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच किट, दवाएं और उपचार की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है तथा रैपिड रिस्पांस टीमें भी सक्रिय हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि घरों के आसपास साफ-सफाई रखें, जलजमाव न होने दें, मच्छरदानी का प्रयोग करें और बुखार होने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *