जौनपुर। रेलवे विभाग में टीसी की नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले वांछित अभियुक्त को थाना शाहगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ धोखाधड़ी सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था।
पुलिस के अनुसार 28 जनवरी 2026 को आजमगढ़ जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र निवासी सैय्यद रिजवानुल हसन द्वारा तहरीर दी गई थी कि रेलवे में टीसी पद पर नियुक्ति दिलाने के नाम पर उससे 17 लाख रुपये लिए गए। फर्जी वेबसाइट के माध्यम से रिजल्ट घोषित कराया गया और वर्धमान, पश्चिम बंगाल स्थित रेलवे स्टेशन पर ट्रेनिंग के नाम पर भेजकर बायोमैट्रिक मशीन से हस्ताक्षर भी कराए गए। मामले में थाना शाहगंज पर मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान गुरुवार को उपनिरीक्षक लौहर यादव पुलिस टीम के साथ चिरैया मोड़ से वांछित अभियुक्त संजय कुमार निवासी ताखा पश्चिम, थाना शाहगंज को गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह सुल्तानपुर जनपद के एक इंटर कॉलेज में प्राइवेट अध्यापक है और अपने परिचितों के माध्यम से रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देता था।
अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर पीड़ित से मोटी रकम ली और विभिन्न खातों में पैसे ट्रांसफर कराए। उसने यह भी बताया कि पूरी साजिश पश्चिम बंगाल के एक व्यक्ति के संपर्क में आकर रची गई।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी के.के. सिंह, उपनिरीक्षक लौहर यादव, हेड कांस्टेबल आशीष कुमार यादव एवं कांस्टेबल सूर्य कुमार यादव शामिल रहे।












Leave a Reply