जौनपुर। संयुक्त सचिव, युवा एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार एवं विशेष रोल प्रेक्षक कुणाल (आईएएस) की अध्यक्षता में गहन विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर ईआरओ और मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
विशेष रोल प्रेक्षक के आगमन पर जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ०दिनेश चन्द्र एवं विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ व अंगवस्त्रम भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
बैठक में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझाव भी लिए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रेक्षक को अवगत कराया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में एसआईआर के तहत निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार घर-घर गणना पत्रों का वितरण, डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण किया गया है। मृतक,अनुपस्थित एवं स्थानांतरित मतदाताओं का डाटा अनमैप्ड श्रेणी में रखा गया है। 06 जनवरी 2026 को मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन किया गया। द्वितीय चरण में अनमैप्ड मतदाताओं को नोटिस जारी की जा रही है।
प्रेक्षक कुणाल ने बैठक में उपस्थित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से फीडबैक लिया, जिस पर सभी दलों ने जिला निर्वाचन अधिकारी के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा पूर्ण सहयोग मिलने की बात कही।
विशेष रोल प्रेक्षक ने सभी ईआरओ को निर्देश दिए कि राजनैतिक दलों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर एसआईआर का कार्य कुशलता से संपादित करें। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि प्राप्त सुझावों को विचारार्थ उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।
इसके साथ ही उन्होंने विधानसभावार मैपिंग की अद्यतन प्रगति की जानकारी ली और जनसुनवाई केंद्र बनाकर अनमैप्ड मतदाताओं के साक्ष्य मिलान हेतु की जा रही सुनवाई पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने सभी ईआरओ को एईआरओ के साथ नियमित बैठक करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य, अपना दल जिलाध्यक्ष लालबहादुर पटेल, कांग्रेस उपाध्यक्ष राकेश सिंह, सीपीआईएम के के.एस. रघुवंशी, आम आदमी पार्टी के सुभाष चंद्र गौतम सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सौरभ कुमार, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह सहित सभी संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मौजूद रहे।












Leave a Reply