पीयू में शिक्षक, विद्यार्थी, कर्मचारियों को दिलाई गयी शपथ
जौनपुर। मतदाता दिवस 2026 की पूर्व संध्या पर वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर में “एक राष्ट्र, एक मतदान” विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम शनिवार को आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय कैडेट कोर एवं मतदाता जागरूकता क्लब के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा कर्मचारियों ने इसमें सक्रिय भागीदारी निभाए
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि मतदान प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार होने के साथ-साथ राष्ट्रीय दायित्व भी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की जड़ें तभी मजबूत होंगी जब हर नागरिक अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करेगा। इस अवसर पर प्रो. वंदना सिंह ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों से लोकतंत्र को सशक्त बनाने और सक्षम राष्ट्र के निर्माण हेतु मतदान करने की शपथ भी दिलवाई।
विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रबंध अध्ययन संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. मुराद अली ने कहा कि जागरूक मतदाता ही राष्ट्र की दिशा और दशा तय करते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे मतदान को केवल व्यक्तिगत अधिकार न समझें, बल्कि इसे राष्ट्रहित में निभाई जाने वाली जिम्मेदारी के रूप में अपनाएँ।
संचालन विश्वविद्यालय के एनसीसी प्रभारी डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय ने किया। डॉ. पाण्डेय ने मतदान को सशक्त समाज एवं राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए कहा कि प्रत्येक मतदाता का योगदान लोकतंत्र को जीवंत बनाए रखता है। उन्होंने युवाओं को प्रेरित किया कि वे मतदान को जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
धन्यवाद ज्ञापन डॉ. दीपक मौर्य ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शशिकांत यादव, उपकुलसचिव अजीत प्रताप सिंह, डॉ. रामांशु प्रताप सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने इस तरह के आयोजन की सराहना की।












Leave a Reply