पीएम स्वनिधि व आवास योजना में तेजी लाने के निर्देश, लंबित आवेदनों के निस्तारण को लगें विशेष कैंप
जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ०दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डूडा विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद जौनपुर एवं नगर पंचायत बदलापुर को निर्देशित किया कि योजना के अंतर्गत प्रगति में तेजी लाते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि लंबित आवेदनों के त्वरित निस्तारण हेतु विशेष कैंप आयोजित किए जाएं तथा पात्र लाभार्थियों को शीघ्र डिस्बर्समेंट सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड योजना के अंतर्गत भी मेगा कैंप आयोजित कर अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि जरूरतमंदों को समय पर लाभ मिल सके।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश देते हुए कहा कि योजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, परियोजना अधिकारी डूडा निधि बाजपेयी, तहसीलदारगण, अधिशासी अधिकारीगण सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।












Leave a Reply