जौनपुर। उत्तर प्रदेश में विकास और समृद्धि के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक भवन सभागार, लखनऊ से वार्षिक पुस्तक “नवनिर्माण के 9 वर्ष” का विमोचन किया।
इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद जौनपुर के कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया, जहां मा0 सदस्य विधान परिषद बृजेश सिंह प्रिन्सू, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मनोरमा मौर्या, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया समेत अन्य अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के उद्बोधन को सुना।
इस दौरान सदस्य विधान परिषद ने कहा कि प्रदेश में महिला सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता देते हुए मिशन शक्ति और महिला हेल्पलाइन 181 जैसी योजनाओं के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। साथ ही सांस्कृतिक पुनर्जागरण, पर्यटन निवेश और औद्योगिक विकास के जरिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 8 नए हवाई अड्डों का विकास कार्य प्रगति पर है। राज्य का सकल घरेलू उत्पाद वर्ष 2016-17 में 2.96 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 2024-25 में 6.95 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

प्रेस वार्ता के दौरान जनपद की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जौनपुर में चौमुखी विकास हुआ है। एक्सप्रेस-वे कनेक्टिविटी, फोरलेन सड़कों का निर्माण, चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के साथ ही नई सड़कों का व्यापक जाल बिछाया गया है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में जिला अस्पताल में बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, वहीं मेडिकल कॉलेज में प्रतिदिन लगभग 2500 ओपीडी देखी जा रही है। खेलों को बढ़ावा देने के लिए इंदिरा गांधी स्टेडियम में सिंथेटिक रनिंग ट्रैक का निर्माण किया गया है।
आवास योजनाओं के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना में वर्ष 2016 से अब तक 97,647 आवास स्वीकृत हुए हैं, जबकि मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 2019 से अब तक 20,292 आवास स्वीकृत किए गए हैं। विभिन्न पेंशन योजनाओं में लाखों लाभार्थियों को जोड़ा गया है।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 2017 से अब तक 4,03,934 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया है। साथ ही युवा उद्यमी विकास योजना और स्टार्टअप के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है।
कृषि क्षेत्र में किसान सम्मान निधि योजना के तहत 9,55,807 किसानों को लाभ दिया गया है, जिससे उनकी आय बढ़ाने में सहायता मिल रही है।
उन्होंने कहा कि शासन का लक्ष्य समाज के अंतिम पायदान तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, ताकि हर व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाई जा सके।
इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, परियोजना निदेशक के.के. पाण्डेय, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार मौजूद रहे।












Leave a Reply