जौनपुर। जनपद प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ प्रशासनिक समन्वय समिति एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की।
बैठक में उन्होंने बरसात, श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा तथा विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनहित से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने लोक निर्माण विभाग को वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने तथा नगर निकायों को जलभराव की रोकथाम, नालों-नालियों की नियमित सफाई, फॉगिंग एवं एंटी-लार्वा छिड़काव प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कांवड़ मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को कांवड़ मार्गों पर विद्युत लाइनों एवं पोलों का निरीक्षण कर लटकते तारों को तत्काल ठीक कराने तथा किसानों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में उर्वरक उपलब्धता, पशुओं के शत-प्रतिशत टीकाकरण, नहरों में टेल तक पर्याप्त पानी पहुंचाने तथा स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्रभारी मंत्री ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को विकास एवं निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई विभिन्न जनसमस्याओं एवं विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों पर संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में विधायक डॉ. आर.के. पटेल, पूर्व विधायक हरेंद्र प्रसाद सिंह, पूर्व गृहराज्यमंत्री कृपा शंकर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, डॉ. अजय सिंह, पुष्पराज सिंह, स्कंद पटेल, अजय शंकर दुबे, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन., पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, उप जिलाधिकारी योगिता सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।












Leave a Reply