साफ-सफाई पर जताई नाराजगी, सड़क, सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा व यातायात व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश
जौनपुर। कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने शुक्रवार को त्रिलोचन महादेव मंदिर परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, कंट्रोल रूम, यातायात प्रबंधन तथा चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी को सफाई व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। वहीं लोक निर्माण विभाग को कांवड़ यात्रा मार्गों को दुरुस्त रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें। वहीं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने, भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी गोल्डी गुप्ता सहित संबंधित विभागों एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।












Leave a Reply