जौनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर श्री कुंवर अनुपम सिंह ने सोमवार को थाना मुंगराबादशाहपुर अंतर्गत चौकी सतहरिया का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीडा (औद्योगिक) क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, रात्रि गश्त, सड़क सुरक्षा तथा कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पुलिस कर्मियों को औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों के साथ नियमित बैठकें आयोजित कर संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में नियमित गश्त, रात्रिकालीन भ्रमण और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने पर जोर दिया। साथ ही उद्यमियों से समय-समय पर फीडबैक लेने और समन्वय बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा सभी उद्यमियों के सहयोग से एक केंद्रीय कमांड सेंटर स्थापित करने की योजना पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने, दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान करने तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
सावन माह और कांवड़ यात्रा को देखते हुए उन्होंने कांवड़ियों की सुरक्षा एवं सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। प्रयागराज जनपद से सटे होने के कारण थाना मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र से बड़ी संख्या में कांवड़ यात्रियों के आवागमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने बीट आरक्षियों से वार्ता कर उनके कार्यों की समीक्षा की और आमजन के साथ संवेदनशील, शालीन एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न अभियानों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनसुरक्षा, कानून-व्यवस्था, औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा तथा कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूर्ण जिम्मेदारी, सतर्कता और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।












Leave a Reply