जौनपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत अर्बन जौनपुर के चाचकपुर, उमरपुर तथा ब्लॉक जलालपुर के त्रिलोचन में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया।
चाचकपुर में डॉ. प्रेम चंद्र, उमरपुर में डॉ. नाज़िया परवीन तथा त्रिलोचन में डॉ. शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित शिविरों में कुल 66 लोगों की मलेरिया, डेंगू और टाइफाइड की जांच की गई। चाचकपुर में 18 और उमरपुर में 21 लोगों की जांच में कोई भी मरीज धनात्मक नहीं मिला। वहीं त्रिलोचन में 27 लोगों की जांच के दौरान एक व्यक्ति टाइफाइड से संक्रमित पाया गया, जिसे तत्काल दवा उपलब्ध कराकर उपचार शुरू कराया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चाचकपुर और उमरपुर में जलभराव वाले स्थानों पर एंटीलार्वा रसायन का छिड़काव, ब्रीडिंग सोर्स सर्वे, सोर्स रिडक्शन, आशा कार्यकर्ताओं द्वारा फीवर सर्वे, डेंगू एवं मलेरिया संबंधी पोस्टर चस्पा करने, पंपलेट वितरण और स्वास्थ्य शिक्षा कार्यक्रम भी संचालित किए।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की कि वे घर और आसपास साफ-सफाई रखें, जलभराव न होने दें, कूलर, गमले और फ्रिज की ट्रे का पानी सप्ताह में एक बार अवश्य बदलें, पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें तथा मच्छरदानी का प्रयोग करें। बुखार आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर निःशुल्क जांच और उपचार कराने की सलाह दी गई।
शिविर में सहायक मलेरिया अधिकारी संजीव कुमार मिश्रा, सुजीत कुमार प्रभाकर, फाइलेरिया निरीक्षक अभिषेक सोनकर, दीपक सिंह तथा क्षेत्रीय आशा कार्यकर्ताओं सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।












Leave a Reply