जौनपुर। जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. ने विकास खण्ड खुटहन क्षेत्र अंतर्गत वृहद गौ-संरक्षण केन्द्र, गुलालपुर, अस्थायी गौशाला पट्टी नरेन्द्रपुर तथा पंचायत भवन पट्टी नरेन्द्रपुर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में गुणवत्ता, नियमित निगरानी एवं आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वृहद गौ-संरक्षण केन्द्र, गुलालपुर के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केन्द्र पर साफ-सफाई की व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए खण्ड विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव एवं पशुचिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि गौ-संरक्षण केन्द्र में नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखी जाए तथा शेड का संचालन शीघ्र प्रारम्भ कराया जाए, जिससे संरक्षित गोवंश को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने निर्माणाधीन अवशेष बाउंड्रीवाल का कार्य निर्धारित समय में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही छोटे पशुओं के लिए अलग से चारा खाने की समुचित व्यवस्था, पर्याप्त पेयजल, छायादार स्थान एवं अन्य सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने अस्थायी गौशाला स्थल, पट्टी नरेन्द्रपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर को हरित एवं स्वच्छ बनाए रखने के उद्देश्य से वृक्षारोपण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्मी कम्पोस्ट इकाई का नियमित संचालन सुनिश्चित करने, गोवंश को प्रतिदिन पर्याप्त मात्रा में हरा एवं पौष्टिक चारा उपलब्ध कराने तथा पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण एवं नियमित देखभाल की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि गौशालाओं का संचालन शासन की मंशा के अनुरूप प्रभावी ढंग से किया जाए तथा किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
जिलाधिकारी ने पंचायत भवन, पट्टी नरेन्द्रपुर का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि लेखपाल अपने निर्धारित रोस्टर के अनुसार नियमित रूप से पंचायत भवन पर उपस्थित होकर जनसुनवाई एवं राजस्व संबंधी कार्यों का निस्तारण करें। उन्होंने पंचायत भवन परिसर एवं पहुंच मार्ग पर उगी झाड़ियों की नियमित सफाई कराने तथा परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पंचायत भवन में जनसेवा केन्द्र का नियमित एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर समयबद्ध एवं सुगमता से प्राप्त हो सके।
निरीक्षण के दौरान खण्ड विकास अधिकारी, लेखपाल, ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक, पशुचिकित्साधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।












Leave a Reply