जनगणना- 2027″ का कार्य दो चरणों में संपादित किया जाना है डीएम

Share

जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र ने अवगत कराया है कि भारत सरकार के निर्देशानुसार “जनगणना- 2027” का कार्य दो चरणों में संपादित किया जाना है।


इसके प्रथम चरण में “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” (हाउस लिस्टिंग एंड हाउसिंग सेंसस) का कार्य प्रगणक के माध्यम से जनपद में 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा।


जनगणना भविष्य की योजनाओं और विकास का आधार है , इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधिगण की भूमिका इस प्रक्रिया को पारदर्शी और शत-प्रतिशत बनाने में सर्वाधिक महत्वपूर्ण है।
जनगणना एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, जिसकी शुद्धता और सफलता में नगर पालिकाओं/ नगर पंचायत/ग्राम पंचायतों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस संबंध में उन्होंने समस्त सभासद नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत तथा ग्राम प्रधानों से निम्नलिखित सहयोग की अपेक्षा की है- नगर पालिका/नगर पंचायत स्तर पर जनगणना कार्य के प्रचार प्रसार हेतु सॉलिड वेस्ट कलेक्शन व्हीकल पर स्थापित ध्वनि विस्तारक यंत्र व अन्य उपयुक्त माध्यम के द्वारा नियमित रूप से व्यापक प्रचार प्रचार कर जनसामान्य को जनगणना के महत्व और प्रक्रिया के सम्बन्ध में व्यापक रूप से जागरूक किया जाए।
ग्राम पंचायत स्तर पर मुनादी, ग्राम सभा एवं अन्य उपयुक्त माध्यमों के द्वारा जन सामान्य को जनगणना के महत्व एवं प्रक्रिया के संबंध में जागरूक किया जाए।


इस जनगणना में नागरिकों को आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in/ के माध्यम से स्वगणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है जो 07 मई 2026 से 21 मई 2026 तक संचालित रहेगी। समस्त नगर पालिका/नगर पंचायत के जन सामान्य तथा ग्रामवासियों को प्रेरित किया जाए कि वे प्रगणक के आगमन से पूर्व अपना विवरण ऑनलाइन पोर्टल से भरकर प्राप्त SE-ID को सुरक्षित रखें तथा प्रगणक के भ्रमण के समय उसे प्रस्तुत करें।


गणना ब्लॉक में नियुक्त प्रगणक को एवं पर्यवेक्षकों को मकान के चिन्हांकन एवं क्रमांक अंकन कार्य में स्थानीय स्तर पर आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए जिससे कोई भी परिवार अथवा आवास गणना से वंचित न रह जाए।
नगर पालिका/नगर पंचायत के जन सामान्य तथा ग्रामवासियों को प्रेरित किया जाए कि वह प्रगणको द्वारा पूछे जाने वाले समस्त प्रश्नों जैसे परिवार संबंधी विवरण, उपलब्ध मूलभूत सुविधाएं, आवास की स्थिति आदि के संबंध में सही, स्पष्ट, सत्य जानकारी प्रदान करें।
उल्लेखनीय है कि इस बार जनगणना संबंधी समस्या आंकड़े मोबाइल ऐप के माध्यम से प्रत्यक्ष रूप से अभिलेखित किए जाएंगे। अतः इस प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग सुनिश्चित किया जाए।


जनगणना के दौरान संकलित की जाने वाली समस्त सूचनाएं पूर्णत: गोपनीय रखी जाती है तथा उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय प्रयोजनों हेतु ही किया जाता है।
उन्होंने विश्वास जताया है कि स्थानीय जनप्रतिनिधिगण के सक्रिय सहयोग से जनपद में इस राष्ट्रीय कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर त्रुटिरहित ढंग से पूर्ण करने में सफल होंगे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *