हरगोविंद इंटर कॉलेज और जीजीआईसी जफराबाद में आयोजित हुआ मतदाता जागरूकता कार्यक्रम, छात्र-छात्राओं ने ली शपथ
जौनपुर। मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन में चल रही स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत हरगोविंद इंटर कॉलेज और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी), जफराबाद में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। निर्वाचन साक्षरता क्लब के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और महिला मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ना तथा लोकतंत्र में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को लोकतंत्र में मताधिकार के महत्व की जानकारी दी गई। विशेष रूप से उन युवाओं को जागरूक किया गया, जो एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं। इसके साथ ही ऐसे पात्र नागरिकों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया, जो अब तक किसी कारणवश अपना नाम नहीं जुड़वा पाए हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला स्वीप कोऑर्डिनेटर सैय्यद मोहम्मद मुस्तफा ने मतदाता बनने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई। उन्होंने बताया कि पात्र युवा मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भरकर ऑनलाइन या बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए आयु और निवास से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होते हैं। उन्होंने मतदाता पंजीकरण के लिए आधिकारिक ऑनलाइन माध्यमों की जानकारी भी दी।
मुस्तफा ने बताया कि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान सभी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं। उन्होंने विशेष रूप से युवा और महिला मतदाताओं से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि “कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं” के संकल्प को साकार किया जा सके।
उन्होंने छात्र-छात्राओं से स्वयं मतदाता बनने के साथ ही अपने परिवार, मोहल्ले और गांव में छूटे हुए पात्र लोगों को भी जागरूक करने की अपील की। उन्होंने बताया कि 28 और 29 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ उपस्थित रहेंगे, जहां पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और जिम्मेदार मतदाता बनने की शपथ ली। इस अवसर पर हरगोविंद इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. संजीव कुमार सिंह, जीजीआईसी की प्रधानाचार्य प्रतिमा यादव, ईएलसी नोडल सैय्यद अब्बास हैदर एवं डॉ. रोली सिन्हा, अजय कुमार, डॉ. ऋचा त्रिपाठी, सीमा मिश्रा सहित विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।












Leave a Reply