जनपद जौनपुर में 22 मई 2026 से जनगणना 2027 की गतिविधियां प्रारंभ

Share

जौनपुर। भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जनपद जौनपुर में जनगणना 2027 से संबंधित फील्ड गतिविधियां 22 मई 2026 से प्रारंभ की जाएंगी। जनगणना देश की एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से जनसंख्या, सामाजिक, आर्थिक एवं आवासीय स्थिति से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़ों का संकलन किया जाता है। इन आंकड़ों का उपयोग विभिन्न विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में किया जाता है।

जिलाधिकारी जौनपुर ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे जनगणना कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें तथा गणनाकर्मियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान प्राप्त सभी सूचनाएं पूर्णतः गोपनीय रखी जाती हैं तथा उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों हेतु किया जाता है।

जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए हैं। जनपद मे कुल 18 चार्ज अधिकारी तथा 10116 प्रगणक एवं पर्यवेक्षक तैनात किए गए है, 22 मई 2026 से प्रगणक एवं पर्यवेक्षक अपने गणना ब्लॉक में जाकर मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य प्रारंभ करेंगे, यह प्रक्रिया 20 जून 2026 तक चलेगी साथ ही जन जागरूकता अभियान के माध्यम से नागरिकों को जनगणना के महत्व एवं प्रक्रिया के संबंध में जागरूक किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश में स्व गणना का कार्य 07 मई 2026 से 21 मई 2026 तक हुआ, जिसमे कुल मास्टर ट्रैनर और 146 फील्ड ट्रैनर द्वारा विभिन्न विभागों मे जाकर जागरूकता अभियान चलाए गए तथा स्व गणना पोर्टल पर 82000 से अधिक व्यक्तियों द्वारा स्व गणना का कार्य किया गया, जिन व्यक्तियों द्वारा स्व गणना का कार्य किया जा चुका है उन्हे अपनी जनगणना के लिए अपने क्षेत्र के प्रगणक को सिर्फ स्व गणना (Self Enumeration id) देनी होगी तथा जिन व्यक्तियों द्वारा अपना स्व गणना नहीं किया गया है उनकी गणना प्रगणक द्वारा की जाएगी।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना अथवा अफवाह पर ध्यान न दें तथा केवल अधिकृत स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही विश्वास करें।

“सही जानकारी, बेहतर योजना-जन भागीदारी से सफल जनगणना”

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *