छात्रवृत्ति आवेदन की समय-सारिणी जारी, डीएम ने दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

Share

जौनपुर। शासन द्वारा संचालित पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना (वित्तीय वर्ष 2026-27) के लिए समय-सारिणी जारी कर दी गई है। इसके सफल क्रियान्वयन को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित हुई।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों, नोडल अधिकारियों, एफिलियेटिंग एजेंसियों एवं विश्वविद्यालयों को निर्देशित किया कि शासन की समय-सारिणी के अनुसार सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति नियमावली-2023 के अनुसार आवेदन में केवल अभिभावक का आय प्रमाण-पत्र ही लगाया जाए। साथ ही जिन पाठ्यक्रमों में प्रवेश राष्ट्रीय अथवा राज्य स्तरीय संयुक्त प्रवेश परीक्षा के माध्यम से होता है, उनके छात्र आवेदन पत्र में परीक्षा का विवरण अनिवार्य रूप से अंकित करें।

बैठक में दी गई जानकारी के अनुसार पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति के लिए विद्यालय स्तर पर मास्टर डाटा एवं प्रोफाइल तैयार करने का कार्य 22 जुलाई से 5 अगस्त तक किया जाएगा। नवीनीकरण के छात्र 11 से 25 अगस्त तथा नए छात्र 11 अगस्त से 21 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

दशमोत्तर (उच्च कक्षाओं) की छात्रवृत्ति योजना के तहत विद्यालय स्तर पर मास्टर डाटा तैयार करने का कार्य 22 जुलाई से 15 अगस्त तक होगा। नवीनीकरण के छात्र 15 सितंबर से 15 अक्टूबर तथा नए छात्र 15 सितंबर से 31 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, सह जिला विद्यालय निरीक्षक, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य एवं छात्रवृत्ति नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *