जौनपुर। जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने शुक्रवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बंदियों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही बंदियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं नियमानुसार निस्तारण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जेल चिकित्सालय का भी जायजा लिया। वहां भर्ती बंदियों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की तथा चिकित्सकों से उपचार व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी बंदियों को समय पर समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा गंभीर रोगियों की विशेष निगरानी रखी जाए।
अधिकारियों ने कारागार परिसर में साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, रसोईघर, भोजन वितरण व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप बंदियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा कारागार की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी गोल्डी गुप्ता सहित कारागार के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।













Leave a Reply