यातायात पुलिस जौनपुर को मिला आधुनिक इंटरसेप्टर वाहन, ओवरस्पीडिंग पर होगी सख्त निगरानी

Share

जौनपुर। सड़क सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में जनपद जौनपुर यातायात पुलिस को आधुनिक इंटरसेप्टर (चार पहिया) वाहन उपलब्ध कराया गया है। यह वाहन उत्तर प्रदेश सड़क सुरक्षा कोष एवं आधुनिकीकरण योजना के अंतर्गत ZFD कार्यक्रम के तहत क्रय कर जनपद को उपलब्ध कराया गया है।

यातायात निदेशालय से प्राप्त इंटरसेप्टर वाहन (संख्या UP32FG5150) को पुलिस लाइन जौनपुर से अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री आतिश कुमार सिंह एवं सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर श्री गोल्डी गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जनपद में चिन्हित 07 क्रिटिकल कॉरिडोर और 14 क्रिटिकल थाना क्षेत्रों में यह वाहन नियमित रूप से संचालित किया जाएगा। इन मार्गों में 06 राष्ट्रीय राजमार्ग एवं 01 राज्य मार्ग शामिल हैं, जिनकी कुल लंबाई लगभग 359 किलोमीटर है।

इंटरसेप्टर वाहन में लगी आधुनिक स्वचालित स्पीड रडार प्रणाली के माध्यम से ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं और मृत्यु दर में कमी लाना, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना तथा आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

यातायात पुलिस जौनपुर ने आमजन से अपील की है कि सभी वाहन चालक निर्धारित गति सीमा का पालन करें, यातायात नियमों का सम्मान करें और सुरक्षित यात्रा को अपनी प्राथमिकता बनाएं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *