जौनपुर में भव्य तिरंगा रैली से गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश

Share

जौनपुर। शासन के निर्देश के क्रम में 09 से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत जनपद में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से आज सद्भावना पुल से कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विकास भवन शहीद स्तंभ तक भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में मा० राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश श्री गिरीश चंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य श्री बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’, नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा मौर्य, जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन., मुख्य विकास अधिकारी श्री ध्रुव खाड़िया सहित जनपद के अधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण, पुलिस अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, युवा, स्वयंसेवक, पूर्व सैनिक, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएँ, ‘माय भारत’ वालंटियर्स, अधिवक्ता, पत्रकार एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए।

रैली से पूर्व सद्भावना पुल पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं वालंटियर्स द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ मानव श्रृंखला बनाकर आकर्षक आकृति बनाई गई, जो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। मानव श्रृंखला के माध्यम से राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। इसके उपरांत सभी प्रतिभागियों ने सफेद टी-शर्ट/सफेद शर्ट धारण कर तथा हाथों में तिरंगा लेकर रैली में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

रैली का शुभारंभ सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम’ के गायन के साथ हुआ। सद्भावना पुल से प्रारंभ हुई तिरंगा रैली निर्धारित मार्ग से होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विकास भवन के पास शहीद स्तंभ तक पहुंची। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों द्वारा देशभक्ति के नारों एवं हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रप्रेम, एकता और अखंडता का संदेश दिया गया। रैली में छात्र-छात्राओं एवं युवाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

रैली के दौरान प्रतिभागियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सद्भावना पुल सहित विभिन्न स्थानों पर पेयजल एवं फल की व्यवस्था की गई। जिला प्रशासन द्वारा यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था के समुचित प्रबंध किए गए, जिससे रैली शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं भव्य रूप से सम्पन्न हुई।

रैली के कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचने के उपरांत विकास भवन के सामने स्थित शहीद/क्रांति स्तंभ पर मा0 राज्यमंत्री श्री गिरीश चंद्र यादव, विधान परिषद सदस्य श्री बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’, नगरपालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, अन्य जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन., मुख्य विकास अधिकारी श्री ध्रुव खाड़िया सहित वरिष्ठ अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा शहीद/क्रान्ति स्तंभ पर माल्यार्पण किया गया।

इस अवसर पर मा0 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने कहा कि 9 अगस्त क्रांति दिवस से 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों को नमन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज की तिरंगा यात्रा का उद्देश्य उन वीर सपूतों के त्याग, तपस्या, वीरता एवं बलिदान को स्मरण करना है, जिनके कारण देश को स्वतंत्रता प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष के कारण ही आज देश को संविधान, नागरिक अधिकार एवं अपने कर्तव्यों की जानकारी प्राप्त हुई है।

उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर मौन जुलूस एवं गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा तथा 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि जनपद में लगभग 5 लाख 51 हजार तिरंगे घरों तक पहुंचाए जा चुके हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपने घरों पर तिरंगा लगाने तथा मित्रों, रिश्तेदारों एवं आसपास के लोगों को भी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सहभागी बनाने की अपील की। उन्होंने भव्य एवं दिव्य तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन के लिए जिलाधिकारी एवं जिला प्रशासन की पूरी टीम को बधाई दी।

इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य श्री बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’ ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि मा० प्रधानमंत्री जी एवं मा० मुख्यमंत्री जी के आह्वान पर पूरे देश में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी संप्रभुता, स्वतंत्रता, गौरव और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। इसे किसी भी दलीय भावना, जाति, धर्म, पंथ अथवा मजहब से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने जनपदवासियों से 15 अगस्त को अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज स्वतंत्रता दिवस का पर्व केवल सरकारी कार्यालयों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरा देश आजादी के उत्सव में सहभागी बन रहा है। उन्होंने भव्य आयोजन के लिए जिला प्रशासन एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता, गौरव एवं कर्तव्यबोध की भावना को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों, महिला स्वयं सहायता समूहों, पूर्व सैनिकों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों एवं आमजन के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने जनपदवासियों से 15 अगस्त के अवसर पर अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की।

मुख्य विकास अधिकारी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए तिरंगा रैली के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले समस्त नागरिकों के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने बताया कि समूह की दीदियों एवं नगर पालिका के माध्यम से पूरे जनपद में लगभग 5,51,000 तिरंगे वितरित किए गए हैं।

उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रध्वज की गरिमा एवं ध्वज संहिता का पूर्ण पालन करने की अपील करते हुए कहा कि तिरंगा निर्धारित मानक के अनुसार फहराया जाए और रैली अथवा कार्यक्रम के उपरांत राष्ट्रध्वज को सुरक्षित एवं स्वच्छ स्थान पर सम्मानपूर्वक रखा जाए।

इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस अधिकारी, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, शिक्षक, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं, स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में जनपदवासी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *