जौनपुर। भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन जौनपुर जिला कारागार में भी भावुक माहौल के बीच मनाया गया। अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के लिए दूर-दराज से पहुंची बहनों की कारागार के बाहर लंबी कतारें देखने को मिलीं।
राखी और मिठाइयां लेकर पहुंची बहनों की आंखों में अपने भाइयों से मिलने की खुशी तो थी ही, लेकिन वर्षों और हालातों की दूरी का दर्द भी साफ झलक रहा था। भाइयों से मिलते ही कई बहनों की आंखें नम हो गईं। बहनों ने अपने भाइयों की आरती उतारी, माथे पर तिलक लगाया और उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके सुखद जीवन की कामना की।

इस भावुक पल में भाई-बहन का अटूट रिश्ता एक बार फिर जीवंत हो उठा। राखी बांधते समय कई बहनों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। वहीं भाइयों ने भी अपनी बहनों की हर परिस्थिति में रक्षा करने और जीवनभर उनका साथ निभाने का संकल्प लिया।
रक्षाबंधन के इस पावन अवसर पर जौनपुर जिला कारागार प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। जेल अधीक्षक ने बताया कि जेल मंत्री के निर्देश पर बहनों और उनके परिजनों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया। उनके बैठने के लिए पंडाल और कुर्सियों की व्यवस्था की गई।
भारी संख्या में पहुंचने वाली बहनों को देखते हुए मुलाकात कार्यक्रम को तीन शिफ्टों में आयोजित किया गया, ताकि सभी बहनों को अपने भाइयों से मिलने और उन्हें राखी बांधने का अवसर मिल सके। इतना ही नहीं, जिन बहनों के पास मिठाई की व्यवस्था नहीं थी, उनके लिए जेल प्रशासन की ओर से मिठाई भी उपलब्ध कराई गई।
कारागार की दीवारों के बीच मनाया गया यह रक्षाबंधन केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि भाई-बहन के उस अटूट रिश्ते की भावनात्मक तस्वीर बन गया, जिसमें दूरी चाहे जितनी भी हो, प्यार और अपनापन हमेशा कायम रहता है।












Leave a Reply