जिलाधिकारी ने सड़कों को तत्काल मोटरेबल बनाने के दिए निर्देश

Share

जौनपुर। जिलाधिकारी श्री सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में निर्माण खंड-2, लोक निर्माण विभाग की सड़कों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने बारिश के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बारिश के कारण जिन सड़कों पर गड्ढे या अन्य प्रकार की क्षति हुई है, उन्हें तत्काल मोटरेबल स्थिति में लाया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि बरसात समाप्त होने के बाद सड़कों की स्थायी मरम्मत एवं ब्लैक टॉपिंग के लिए अभी से कार्ययोजना और आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं, जिससे बारिश समाप्त होते ही ब्लैक टॉपिंग का कार्य शुरू कराया जा सके।

जिलाधिकारी ने सड़कों की मरम्मत एवं निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर कार्यों का निरीक्षण करने तथा यह सुनिश्चित करने को कहा कि मरम्मत कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूरा हो।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ठेकेदारों से निर्धारित समयसीमा के भीतर मरम्मत कार्य अनिवार्य रूप से कराया जाए। कार्य में लापरवाही अथवा तय समय में कार्य पूरा न करने वाले संबंधित ठेकेदार की जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। इसके साथ ही सड़कों से संबंधित समस्त जानकारियां, जैसे कार्य की लागत, कार्यदायी संस्था का नाम एवं अन्य आवश्यक विवरण सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *