जौनपुर की बेटियों ने मंडलीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में लहराया परचम

Share

बनारस और गाजीपुर को हराकर पूर्व माध्यमिक विद्यालय अटौली की टीम बनी चैंपियन, छह बालिकाओं का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन

जौनपुर। 70वीं मंडलीय माध्यमिक विद्यालय एवं बेसिक विद्यालय की 14 वर्षीय संयुक्त वॉलीबॉल प्रतियोगिता में जौनपुर की बालिकाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मंडल स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन महेंद्र सिंह टेक्निकल इंटर कॉलेज, चंदौली में किया गया, जिसमें वाराणसी मंडल की विभिन्न टीमों ने प्रतिभाग किया।

बेसिक विद्यालय वर्ग में पूर्व माध्यमिक विद्यालय अटौली, बदलापुर, जौनपुर की बालिका टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बनारस और गाजीपुर की टीमों को पराजित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। जौनपुर की बेटियों की इस उपलब्धि से विद्यालय और पूरे जनपद का नाम मंडल स्तर पर गौरवान्वित हुआ।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अटौली विद्यालय की आंचल मौर्य, वर्षा यादव, लक्ष्मी, छोटी देवी, काजल और रोशनी का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। चयनित खिलाड़ी अब प्रयागराज में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल की ओर से प्रतिभाग करेंगी।

बालिका टीम की इस सफलता में ब्लॉक व्यायाम शिक्षक, बदलापुर सुरेश कुमार यादव के अथक प्रयास और मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन में जौनपुर की बालिका टीम लगातार विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर रही है।

बालिकाओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *