गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि 13 करोड़ रुपये के रथ पर सवार होकर लोहिया जी के सपनों को साकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि डॉ. राममनोहर लोहिया धन संग्रह और दिखावे के घोर विरोधी थे तथा सादगी उनके जीवन का प्रमुख हिस्सा थी।
उपमुख्यमंत्री शनिवार को गाजीपुर जिला मुख्यालय स्थित रामलीला मैदान में प्रधानमंत्री के जन्म समारोह के अवसर पर अभिनव सिन्हा द्वारा आयोजित तीन दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवा शिविर का उद्घाटन करने पहुंचे थे। तेज हवाओं और भारी बारिश के बीच आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से संगठित गिरोह और माफिया का राज समाप्त हो चुका है। प्रदेश में चौतरफा विकास हो रहा है। फोरलेन और सिक्सलेन सड़कों का निर्माण हो रहा है तथा उद्योगों का विस्तार होने से रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं।
स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए पाठक ने कहा कि यहां मुंबई, दिल्ली, लखनऊ और वाराणसी के प्रतिष्ठित चिकित्सक मरीजों को सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल के साथ ही बिहार के लोगों को भी इस शिविर का लाभ मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि ऐसा शिविर उन्होंने पहले कभी नहीं देखा। शिविर में मरीजों के इलाज, ऑपरेशन और दवाओं के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वीर शहीदों की धरती गाजीपुर में आयोजित इस शिविर के माध्यम से करीब 500 लोगों के ऑपरेशन किए जाएंगे और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। तीन दिनों में 20 हजार से अधिक लोगों के लाभान्वित होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इससे उन गरीब मरीजों को विशेष लाभ मिलेगा, जो महंगे अस्पतालों में जाकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से इलाज या ऑपरेशन कराने में सक्षम नहीं हैं।
अपने संबोधन में पाठक ने सरकार की उपलब्धियों को चुनाव से जोड़ते हुए कहा कि जिले को माफियाराज से मुक्ति दिलाई गई है। उन्होंने जनता से विकास और खुशहाली के लिए मतदान करने की अपील की और कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से जिले में विकास दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि विकास की गति इसी तरह जारी रहने पर इसका लाभ गाजीपुर की जनता को मिलेगा।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री का स्वागत अभिनव सिन्हा ने माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ देकर किया। नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल और भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने भी उनका स्वागत किया। अभिनव सिन्हा पूर्व केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा के पुत्र हैं।












Leave a Reply