जौनपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जिला कारागार जौनपुर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कारागार के मुख्य द्वार पर सभी कार्मिकों द्वारा सावधान की मुद्रा में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुई। इसके बाद जेल अधीक्षक पवन कुमार त्रिवेदी ने ध्वजारोहण किया।
ध्वजारोहण के उपरांत महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन किया गया। इस दौरान गांधी जी के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ का सामूहिक गायन भी किया गया। कारागार परिसर में अधीक्षक, चिकित्साधिकारी, कारापाल, अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों तथा बंदियों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
जयंती समारोह के अवसर पर बंदियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। जेल अधीक्षक की अध्यक्षता में नशा उन्मूलन विषय पर गोष्ठी भी आयोजित की गई। इसके अलावा बंदियों के बीच शतरंज, कैरम, खो-खो, वॉलीबॉल, जलेबी कूद सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं कराई गईं। महिला बंदियों के बीच मेहंदी एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम के समापन पर जेल अधीक्षक पवन कुमार त्रिवेदी ने बंदियों को महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर बंदियों को फल भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में चिकित्साधिकारी डा. विनय कुमार राव, कारापाल अजय कुमार, उप कारापाल सुभाष चन्द्र पाण्डेय एवं नन्द किशोर, उर्दू अनुवादक/सह प्रधान सहायक खलीक अहमद, वरिष्ठ सहायक पंकज कुमार द्विवेदी, लेखाकार वेद प्रकाश त्रिपाठी, फार्मासिस्ट अरुण कुमार सिंह, शिक्षाध्यापक प्रदीप कुमार अस्थाना, हेड जेल वार्डर दूधनाथ सहित कारागार के अधिकारी, कर्मचारी एवं बंदी उपस्थित रहे।












Leave a Reply