जौनपुर। केराकत थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर गुलाब पाल की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के अंदर घटना का सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त .32 बोर की एक देशी पिस्टल और एक कारतूस भी बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 9/25 की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के दिशा-निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी केराकत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनमोल यादव पुत्र अरविन्द यादव उर्फ निबूल यादव, निवासी बलईपुर बैरगिया, थाना केराकत, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। उसे ग्राम देवाकलपुर स्थित नाला पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया।
मुकदमे की रंजिश में हत्या का आरोप
मामले में वादी पतिराम पाल पुत्र जंगी पाल, निवासी बलईपुर, थाना केराकत ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 13 अक्टूबर 2026 की रात करीब एक बजे उनका 29 वर्षीय पुत्र गुलाब पाल ग्राम बीरमपुर में संग्राम पाल के घर तेरहवीं का भोज खाकर लौट रहा था। इसी दौरान बलईपुर बैरगिया बाग के पास मुकदमे की रंजिश को लेकर अनुराग पाल, सचिन पाल, धर्मू यादव और अनमोल यादव द्वारा मिलकर उनके पुत्र की गोली मारकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया।
तहरीर के आधार पर थाना केराकत में मुकदमा अपराध संख्या 415/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद एवं वांछित आरोपी अनमोल यादव को गिरफ्तार कर लिया।

पिस्टल और कारतूस बरामद
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बताई जा रही .32 बोर की एक देशी पिस्टल और .32 बोर का एक कारतूस बरामद किया गया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 9/25 बढ़ाई गई है। पुलिस द्वारा आरोपी को संबंधित न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक शिवानन्द वर्मा, हेड कांस्टेबल विनोद कुमार यादव तथा कांस्टेबल धर्मेन्द्र यादव, राहुल कन्नौजिया, रामअवतार सिंह, अंकुर कुमार, रोहित सोनकर और शैलेन्द्र कुमार शामिल रहे।
पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।












Leave a Reply