09 से 17 अगस्त तक जनपद में होंगे विभिन्न देशभक्ति एवं जनभागीदारी कार्यक्रम
जौनपुर। जनपद में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को व्यापक जनभागीदारी एवं उत्साह के साथ सफलतापूर्वक आयोजित किए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में देर सायं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों, विभागवार दायित्वों, प्रचार-प्रसार, तिरंगा यात्रा, स्वतंत्रता दिवस समारोह सहित अन्य गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। अभियान के अंतर्गत जनपद में 09 अगस्त से 17 अगस्त, 2026 तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ आयोजित किया जाए तथा इसमें अधिक से अधिक नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं, स्वयंसेवी संगठनों एन सी सी छात्र छात्राए, माई भारत वॉलेंटियर एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
बैठक में अभियान के तहत आयोजित होने वाली गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया गया कि 09 से 15 अगस्त तक विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में ‘तिरंगा-प्रेरित कला गतिविधि’ आयोजित की जाएगी। इसके अंतर्गत स्वतंत्रता सेनानियों के चित्र एवं ‘वंदे मातरम्’ से संबंधित गतिविधियां कराई जाएंगी। संबंधित गतिविधियों की फोटोग्राफी कराकर निर्धारित वेबसाइट पर अपलोड भी की जाएगी।
इसी क्रम में 10 से 15 अगस्त तक जनपद के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा थीम आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। सरकारी भवनों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, चौराहों एवं अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा एवं अलंकरण कराया जाएगा, जिससे पूरे जनपद में देशभक्ति का वातावरण निर्मित हो।
अभियान के अंतर्गत 11 से 15 अगस्त तक प्रमुख सार्वजनिक स्थलों एवं शैक्षणिक संस्थानों में तिरंगा प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी में स्वतंत्रता संग्राम एवं राष्ट्रीय ध्वज से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
14 अगस्त को तिरंगा कॉन्सर्ट आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों एवं उनके परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में तिरंगा गान, देशभक्ति गीत तथा ‘वंदे मातरम्, देशभक्ति गायन कराया जाएगा। साथ ही स्कूली बैंड, पुलिस बैंड, आदि द्वारा देशभक्ति के गीतों की धुनें प्रस्तुत की जाएंगी।
14 अगस्त को भारत विभाजन विभीषिका स्मृति कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत भारत विभाजन विभीषिका से संबंधित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके माध्यम से विभाजन के दौरान घटित घटनाओं एवं उससे जुड़ी स्मृतियों को जनसामान्य तक पहुंचाया जाएगा तथा नई पीढ़ी को इतिहास एवं उससे जुड़े अनुभवों से अवगत कराया जाएगा।
बैठक में तिरंगा रैली आयोजित किए जाने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। तिरंगा रैली में बाइक रैली के साथ ही विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसमें विद्यार्थी, युवा, सरकारी अधिकारी-कर्मचारी, पुलिसकर्मी, महिला स्वयं सहायता समूह, सामाजिक संगठन, एनसीसी/एन.एस.एस छात्र-छात्राए, माई भारत वालेंटियर एवं अन्य नागरिक शामिल होंगे। जिलाधिकारी ने रैली के दौरान यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार 14 अगस्त को प्रातः 08:30 बजे से तिरंगा यात्रा आयोजित की जाएगी। यात्रा के दौरान ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन कराया जाएगा तथा विद्यार्थियों, युवाओं, सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों, सशस्त्र बलों के सदस्यों, महिला स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों सहित विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद के प्रत्येक घर, कार्यालय एवं सार्वजनिक स्थल पर तिरंगा फहराया जाना सुनिश्चित किया जाए। ग्राम स्तर से लेकर नगरीय क्षेत्रों तक अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करते हुए प्रत्येक परिवार को अभियान से जोड़ा जाए।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा एवं सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाए। तिरंगा निर्धारित नियमों एवं सम्मान के साथ ही फहराया जाए तथा किसी भी स्थिति में राष्ट्रीय ध्वज का अपमान न होने पाए।
अभियान के अंतर्गत 09 से 17 अगस्त तक ‘तिरंगा सेल्फी’ गतिविधि भी आयोजित की जाएगी। नागरिकों द्वारा तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर तथा ‘वंदे मातरम्’ गायन के वीडियो को www.harghartiranga.com वेबसाइट पर अपलोड करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके लिए विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से विद्यार्थियों को भी जागरूक किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि अभियान की प्रत्येक गतिविधि की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराई जाए और निर्धारित पोर्टल www.harghartiranga.com पर फोटो एवं वीडियो अपलोड किए जाएं। साथ ही जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि तिरंगा यात्रा एवं जुलूस के दौरान चिन्हित स्थानों पर पेयजल एवं सूक्ष्म जलपान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यात्रा के दौरान ड्रोन कैमरे से वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी तथा साउंड, बैंड, फ्लैग आदि की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा प्रतिभागियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएं।
उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का समय से निर्वहन करें तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। प्रत्येक कार्यक्रम में संबंधित नोडल अधिकारियों की उपस्थिति एवं व्यवस्थाओं की निगरानी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अभियान से संबंधित सभी गतिविधियों का आयोजन निर्धारित तिथियों पर समय से कराया जाए और कार्यक्रमों की जानकारी एवं फोटो-वीडियो निर्धारित माध्यमों पर अपलोड करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न की जाए।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ में पूरे उत्साह के साथ सहभागी बनें और अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देशभक्ति की भावना को मजबूत करने में अपना योगदान दें।












Leave a Reply