जौनपुर। जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में प्रोजेक्ट अलंकार योजनान्तर्गत जनपद के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों एवं अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर शैक्षिक वातावरण एवं आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता अथवा गुणवत्ता से समझौता किसी भी दशा में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को नियमित रूप से निर्माणाधीन विद्यालयों का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण कर विद्यालयों को हस्तांतरित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि एक सप्ताह के भीतर सभी पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का संबंधित विद्यालयों को हैंडओवर सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन विद्यालयों में निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं, वहां परिसर की समुचित ड्रेसिंग, साफ-सफाई, फिनिशिंग एवं अन्य आवश्यक कार्य पूर्ण कर विद्यालयों को सुव्यवस्थित एवं उपयोग के लिए पूर्णतः तैयार अवस्था में हस्तांतरित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय स्थापित कर शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक, सह जिला विद्यालय निरीक्षक, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य तथा विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।












Leave a Reply