जौनपुर। शिक्षा प्राप्त करना प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। हम सभी का दायित्व है कि कोई भी बच्चा विद्यालय में नामांकन से वंचित न रहे। यह बातें बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने गुरुवार को सिरकोनी क्षेत्र के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय नाथूपुर में आयोजित स्कूल चलो अभियान रैली एवं पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में कहीं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए प्रधानाध्यापक एवं प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अरविंद शुक्ला सहित समस्त शिक्षकों के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा परिषदीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे अभिभावकों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन कराने की अपील की।
विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी अमरेश कुमार सिंह ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे का नियमित रूप से विद्यालय पहुंचना आवश्यक है। इसके लिए अभिभावकों की जागरूकता और सहयोग बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख बंशराज सिंह ने की। उन्होंने विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम के अंतर्गत ’’एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान के तहत अतिथियों ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि एवं समाजसेवी आशुतोष सिंह, शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष लाल साहब यादव, रविचंद्र यादव, वीरेंद्र प्रताप सिंह, शिवेंद्र सिंह रानू, लक्ष्मीकांत सिंह, डॉ. भारती सिंह, राम मिलन, रेनू सिंह, अनिल मौर्य, श्वेता पाल, ऋतु गौड़, आकांक्षा मौर्य, शालू निषाद, खुशबू मौर्य, शक्ति सिंह, अभिषेक सिंह सहित अनेक शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविंद शुक्ला ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।












Leave a Reply