जौनपुर। जिलाधिकारी श्री सैमुअल पाल एन ने वाजिदपुर दक्षिणी में वाजिदपुर तिराहे के पास सेंट थॉमस कोचिंग के सामने आशा दीप इलेक्ट्रॉनिक्स से अवधेश श्रीवास्तव के मकान तक बनी इंटरलॉकिंग एवं नाली का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि उक्त इंटरलॉकिंग एवं नाली का निर्माण डूडा विभाग, जौनपुर द्वारा लगभग 6 से 8 माह पूर्व कराया गया था। वर्तमान में अदाणी गैस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा गैस पाइपलाइन से संबंधित कार्य के दौरान कई स्थानों पर इंटरलॉकिंग एवं नाली को बिना डूडा विभाग से एनओसी लिए खोद दिया गया, जिससे मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है।
डूडा विभाग, जौनपुर द्वारा इंटरलॉकिंग को क्षतिग्रस्त किए जाने के संबंध में अदाणी गैस प्राइवेट लिमिटेड के विरुद्ध एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षतिग्रस्त इंटरलॉकिंग की शीघ्र मरम्मत कराते हुए उसे पूर्व की स्थिति में बहाल कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था द्वारा सड़क, नाली अथवा अन्य सार्वजनिक परिसंपत्ति को क्षतिग्रस्त किए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।












Leave a Reply