जौनपुर। जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में देर सायं खाद्य एवं रसद विभाग की आपूर्ति शाखा से संबंधित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राशन कार्डों की ई-केवाईसी, रिक्त उचित दर दुकानों की नियुक्ति, अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण एवं हस्तांतरण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि जनपद में प्रचलित 8,45,215 राशन कार्डों में शामिल 34,88,572 लाभार्थियों के सापेक्ष 33,23,795 लाभार्थियों की ई-केवाईसी पूर्ण हो चुकी है। जिलाधिकारी ने शेष 1,64,777 लाभार्थियों की ई-केवाईसी यथाशीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जनपद में रिक्त 27 उचित दर दुकानों के संबंध में सभी खंड विकास अधिकारियों एवं पूर्ति निरीक्षकों को निर्देशित किया कि नियमानुसार खुली बैठक आयोजित कर 15 दिनों के भीतर नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण कराई जाए। साथ ही निलंबित चल रही 09 उचित दर दुकानों के संबंध में भी शीघ्र निर्णय लेकर अग्रेतर कार्रवाई पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में निर्माणाधीन मॉडल शॉप एवं अन्नपूर्णा भवनों की वित्तीय वर्षवार समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि 24 ग्राम पंचायतों में पूर्ण रूप से निर्मित अन्नपूर्णा भवनों का नियमानुसार हस्तांतरण कराते हुए सितंबर 2026 का उठान एवं वितरण सुनिश्चित कराया जाए।
वहीं, 33 ग्राम पंचायतों में अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और केवल फिनिशिंग का कार्य शेष है। संबंधित खंड विकास अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर कार्य पूर्ण कर भवनों का हस्तांतरण कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने चीनी के भंडारण एवं बाजार मूल्य पर सतत निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि निरीक्षण एवं छापेमारी की कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाए और किसी भी दशा में चीनी का मूल्य निर्धारित मानक मूल्य से अधिक न होने पाए।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी को निर्देशित किया गया कि सिंगल स्टेज व्यवस्था के अंतर्गत उचित दर विक्रेताओं को निर्धारित जियोफेंस पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए सभी परिवहन ठेकेदारों को आवश्यक निर्देश जारी करना सुनिश्चित करें।
जिला पूर्ति अधिकारी, जौनपुर ने जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद बैठक समाप्त हुई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (भू/रा), उपजिलाधिकारीगण, उपायुक्त स्वतः रोजगार, उपायुक्त श्रम रोजगार, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, खंड विकास अधिकारीगण, प्रबंधक एफसीआई/सीडब्ल्यूएस, एलपीजी एवं पेट्रोलियम के एरिया विक्रय प्रबंधक, इंजीनियर अडाणी गैस, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक तथा सिंगल स्टेज परिवहन ठेकेदार एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।












Leave a Reply