शाहगंज-बलिया पैसेंजर के विस्तार व टिकट काउंटर खोलने की मांग को लेकर बरसठी हाल्ट पर उग्र प्रदर्शन

Share

जौनपुर। जंघई-जफराबाद रेलखंड स्थित बरसठी हाल्ट स्टेशन पर सोमवार सुबह रेल यात्रियों का आक्रोश एक बार फिर देखने को मिला। सुबह करीब 7:15 बजे से 8:30 बजे तक सामाजिक कार्यकर्ता जज सिंह अन्ना के नेतृत्व में सैकड़ों यात्रियों ने रेल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने ट्रेन संख्या 55133/55134 शाहगंज-बलिया पैसेंजर का विस्तार करते हुए उसे जंघई जंक्शन तक संचालित करने की मांग की। वहीं, 55135/55136 को जौनपुर जंक्शन से संचालित करने की भी मांग उठाई गई।

यात्रियों का कहना है कि उक्त ट्रेन प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 3:20 बजे तक लगभग पांच घंटे शाहगंज स्टेशन पर निष्प्रयोज्य खड़ी रहती है। उनका कहना है कि यदि इस समयावधि में ट्रेन को जौनपुर जंक्शन होते हुए जंघई जंक्शन तक चलाया जाए तो प्रयागराज, प्रतापगढ़, भदोही और जौनपुर के हजारों यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी तथा यात्रा अधिक आसान और किफायती हो सकेगी।

प्रदर्शनकारियों ने बरसठी सहित जंघई-जफराबाद रेलखंड के सभी हाल्ट स्टेशनों पर बंद पड़े टिकट बुकिंग काउंटरों को तत्काल शुरू करने की भी मांग की। यात्रियों के अनुसार टिकट काउंटर बंद होने के कारण कई बार उन्हें मजबूरी में बिना टिकट यात्रा करनी पड़ती है, जिसके चलते प्रयागराज सहित अन्य स्टेशनों पर टिकट जांच के दौरान भारी जुर्माना भरना पड़ता है।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे जज सिंह अन्ना ने बताया कि इस संबंध में एक सप्ताह पहले जिलाधिकारी जौनपुर और संबंधित रेल अधिकारियों को लिखित सूचना दी गई थी। बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यात्रियों की मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदर्शन प्रतिदिन जारी रहेगा और मांग पूरी होने तक आंदोलन अनवरत चलता रहेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *