निर्वाचक नामावली के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण को लेकर बैठक: जिलाधिकारी

Share

जौनपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ० दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के अहर्ता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के संबंध में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि अब तक जनपद में 16 लाख 24 हजार 900 गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि 04 नवम्बर से 04 दिसम्बर 2025 तक गणना पत्रों का वितरण एवं संग्रहण कार्य किया जाएगा।

डॉ० चंद्र ने बीएलओ (BLO) के दायित्वों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि प्रत्येक बीएलओ को अपने क्षेत्र के प्रत्येक मतदाता के घर तीन बार जाना अनिवार्य है तथा इस प्रक्रिया में मतदाताओं से कोई भी दस्तावेज नहीं लिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी ईआरओ को निर्देशित किया कि वे बीएलए (BLA) के साथ बैठक कर पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दें। उन्होंने राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि जिन दलों ने अभी तक बीएलए की नियुक्ति सूची नहीं दी है, वे शीघ्र उपलब्ध कराएं ताकि कार्य समयबद्ध व पारदर्शी तरीके से सम्पन्न हो सके।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि किसी मृतक व्यक्ति का नाम जीवित मतदाता की श्रेणी में अंकित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। बैठक में जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से यह भी जानकारी ली कि क्या बीएलए द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण सुचारु रूप से किया जा रहा है।

बैठक में भाजपा से विनीत कुमार शुक्ला, सपा से जिलाध्यक्ष राकेश मौर्या, कांग्रेस से राकेश सिंह डब्बू, बसपा से चंद्रेज वर्मा, आप से राम रतन विश्वकर्मा, अपना दल (एस) से जय प्रकाश पटेल, तथा अन्य गणमान्य प्रतिनिधिगण के. के. विश्वकर्मा, शीतल विश्वकर्मा, अपर जिलाधिकारी वि./रा. राम अक्षयबर चौहान, नगर मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह, समस्त ईआरओ/एईआरओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *