किसान दिवस में पशुपालन व मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देने का आदेश

Share

खेती के साथ सहायक व्यवसाय अपनाकर बढ़ेगी किसानों की आय : डीएम

जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ०दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान किसानों की समस्याओं तथा कृषि से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में पशुपालन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। किसानों को चाहिए कि वे परंपरागत खेती के साथ-साथ पशुपालन को भी अपनाएं, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों व वैज्ञानिकों को निर्देश दिए कि किसानों को मधुमक्खी पालन के प्रति अधिक से अधिक जागरूक किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मधुमक्खी पालन किसानों की आमदनी बढ़ाने का एक प्रभावी माध्यम है। इसके लिए किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन, प्रशिक्षण एवं आवश्यक संसाधनों की हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि कृषि के साथ सहायक व्यवसायों को अपनाकर किसान आत्मनिर्भर बन सकते हैं और उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।

उन्होंने समन्वित खेती पर विशेष जोर देते हुए जिला उद्यान अधिकारी को निर्देशित किया कि उद्यान विभाग द्वारा संचालित सभी योजनाओं की जानकारी किसानों तक पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान योजनाओं का लाभ उठा सकें।

इस अवसर पर उप निदेशक कृषि वी.बी. द्विवेदी, जिला कृषि अधिकारी विनय सिंह, डिप्टी पीडी आत्मा डॉ०रमेश चंद्र यादव सहित अन्य अधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *