सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा, सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

Share

जौनपुर। जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 परमानंद झा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित सहायक आचार्य, राजकीय (प्रा.) परीक्षा-2025 को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के संबंध में मंगलवार देर सायं बैठक आयोजित की गई। परीक्षा 31 मई 2026 (रविवार) को जनपद के 14 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। बैठक में परीक्षा की तैयारियों, कानून व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं एवं मजिस्ट्रेट ड्यूटी सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में अपर जिलाधिकारी ने परीक्षा के सफल आयोजन हेतु सभी विभाग को आपसी समन्वय एवं गंभीरता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता एवं गोपनीयता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ करें ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ शौचालय, सीसीटीवी कैमरा, प्रकाश व्यवस्था एवं बैठने की समुचित व्यवस्था की समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करा ली जाएं। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षार्थियों के लिए पेयजल एवं प्राथमिक उपचार की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई न हो। बैठक में तैनात मजिस्ट्रेटों को उनके दायित्वों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि सभी सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा अवधि के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहें तथा किसी भी समस्या की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराएं। उन्होंने परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने हेतु अधिकारियों को सजग एवं सक्रिय रहने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, वितरण व्यवस्था, कंट्रोल रूम संचालन एवं परीक्षा केंद्रों पर निगरानी व्यवस्था के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूरी पारदर्शिता एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारीगण, क्षेत्राधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, शिक्षा विभाग के अधिकारी, परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *