8 हजार से अधिक ग्रामीण व 1 हजार शहरी ब्लॉक तय होंगे, 9800 प्रगणक तैनात किए जाएंगे
जौनपुर। जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर जनपद में प्रशासन ने कमर कस ली है। प्रथम जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक 21 फरवरी को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रमुख जनगणना अधिकारी/जिलाधिकारी डॉ०दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आगामी जनगणना की चरणबद्ध तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
22 मई से शुरू होगा प्रथम चरण बैठक में बताया गया कि जनगणना 2027 का प्रथम चरण (फेज-1) 22 मई 2027 से 20 जून 2027 तक संचालित किया जाएगा। इससे पहले 7 मई से 21 मई 2027 तक स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा उपलब्ध रहेगी। जिलाधिकारी ने स्व-गणना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए निर्देश दिए कि अधिक से अधिक नागरिक स्वयं गणना कर इस राष्ट्रीय कार्य में सहभागी बनें।
लखनऊ में होगा मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण जनपद के लिए मास्टर ट्रेनर्स का चार दिवसीय प्रशिक्षण 24 से 27 फरवरी 2027 तक लखनऊ में आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 146 फील्ड ट्रेनर्स की नियुक्ति प्रक्रियाधीन है। ये ट्रेनर्स मार्च में प्रशिक्षण प्राप्त कर अप्रैल माह में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे।
8 हजार ग्रामीण और 1 हजार शहरी गणना ब्लॉक प्रथम चरण के अंतर्गत जनपद में 8000 से अधिक ग्रामीण तथा 1000 से अधिक शहरी गणना ब्लॉक निर्धारित किए जाएंगे। इसके लिए 9800 से अधिक प्रगणक ब्लॉक और 1600 से अधिक पर्यवेक्षक तैनात किए जाने की तैयारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएंगी।
पूरी तरह ऑनलाइन होगी जनगणना इस बार जनगणना 2027 पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से संपन्न की जाएगी। डाटा संकलन के लिए मोबाइल ऐप और CMMS पोर्टल का उपयोग होगा। ऑनलाइन प्रणाली लागू होने से आंकड़ों के संकलन और प्रकाशन में तेजी आएगी तथा त्रुटियों की संभावना न्यूनतम रहेगी।
Bring Your Own Device’ थीम पर होगा कार्य
जनगणना 2027 में पहली बार ‘Bring Your Own Device’ (BYOD) थीम अपनाई जाएगी। इसके तहत कार्मिक अपने स्वयं के मोबाइल या डिवाइस से डाटा संग्रह करेंगे। इससे कार्य में पारदर्शिता, गति और दक्षता सुनिश्चित होगी।
समयबद्ध व त्रुटिरहित तैयारी के निर्देश
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समस्त तैयारियां समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, जिसमें सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।











Leave a Reply